जब फिल्म और खेल जगत के दो बड़े सितारे एक-दूसरे की तारीफ करते हैं, तो वह चर्चा का विषय बन जाता है। इन दिनों रणवीर सिंह अपनी नई फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ से बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रहे हैं, और अब उन्हें क्रिकेट स्टार विराट कोहली की भी जमकर सराहना मिली है।
विराट कोहली ने रणवीर सिंह के अभिनय की खुलकर तारीफ करते हुए उन्हें आधुनिक सिनेमा के लिए एक नया मानदंड बताया। यह फिल्म न सिर्फ दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरी है, बल्कि समीक्षकों को भी काफी प्रभावित करने में सफल रही है।
विराट कोहली को क्रिकेट की दुनिया में GOAT माना जाता है और वह अपनी पसंद-नापसंद को खुलकर जाहिर करने के लिए भी जाने जाते हैं। ‘धुरंधर 2’ देखने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर रणवीर सिंह और फिल्म की जमकर तारीफ की।
कोहली ने लिखा, “रणवीर, इस फिल्म के बाद आप एक अलग ही स्तर पर पहुंच गए हैं। आपकी परफॉर्मेंस शानदार से भी बढ़कर थी।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने आज यह फिल्म देखी और पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि भारत में ऐसा सिनेमाई अनुभव पहले कभी नहीं देखा। इस फिल्म ने हर भावना को छू लिया और करीब 4 घंटे तक मैं अपनी सीट से हिला तक नहीं।”
उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की भी सराहना करते हुए लिखा, “आपका टैलेंट और विजन इस फिल्म में साफ नजर आता है। आप वाकई जीनियस हैं।” साथ ही कोहली ने फिल्म के सभी कलाकारों के अभिनय को भी बेहतरीन बताया।
इसके अलावा अनुष्का शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फिल्म और रणवीर सिंह की जमकर सराहना की। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने लिखा कि आदित्य धर ने बेहद शानदार फिल्म बनाई है और इतनी लंबी फिल्म को प्रभावशाली ढंग से पेश करना आसान नहीं होता।
उन्होंने फिल्म को बांधे रखने वाली, भावनाओं से भरपूर और बेहतरीन तरीके से बनाई गई कृति बताया, जो दर्शकों का ध्यान अंत तक बनाए रखती है। अनुष्का ने आदित्य धर को बेखौफ फिल्ममेकर कहा।
रणवीर सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने लिखा कि यह उनके करियर की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस में से एक है। साथ ही आर माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और अन्य कलाकारों के अभिनय को भी उन्होंने शानदार बताया और पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो हिंदी सिनेमा में बहुत कम देखने को मिलता है। फिल्म ने देशभर में करीब ₹1041 करोड़ का नेट कलेक्शन कर नया इतिहास रच दिया है।
इस उपलब्धि के साथ रणवीर सिंह ₹1000 करोड़ क्लब तक पहुंचने वाले नए सितारों में शामिल हो गए हैं, जिसे अब तक बॉलीवुड के लिए मुश्किल माना जाता था। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस फिल्म ने सुपरस्टार की परिभाषा बदल दी है और रणवीर को इंडस्ट्री के सबसे बड़े और भरोसेमंद चेहरों में शामिल कर दिया है।

