बुधवार को घरेलू शेयर बाजार उतार-चढ़ाव के बीच अंततः लगभग सपाट स्तर पर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 40.28 अंक फिसलकर 84,233.64 पर आकर ठहरा। वहीं एनएसई निफ्टी 18.7 अंकों की हल्की बढ़त के साथ 25,953.85 पर बंद हुआ।
कारोबार के अंतिम चरण में निफ्टी पर आइशर मोटर्स, अपोलो हॉस्पिटल्स, मैक्स हेल्थकेयर, एसबीआई और मारुति सुजुकी जैसे शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जिसने बाजार को सहारा दिया। इसके विपरीत कोल इंडिया, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल और इंफोसिस में गिरावट दर्ज की गई। आईटी शेयरों में कमजोरी के चलते इस सेक्टर पर दबाव बना रहा।
मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक दिन के अंत में लगभग सपाट स्तर पर बंद हुए, जिससे बाजार में मिलाजुला रुख नजर आया। सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी दिखी और ऑटो इंडेक्स 1.3% उछल गया। पीएसयू बैंक इंडेक्स में करीब 1% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 0.6% मजबूत हुआ।
दूसरी ओर, आईटी सेक्टर पर दबाव बना रहा और आईटी इंडेक्स 1.7% गिरकर बंद हुआ।
बुधवार को सेंसेक्स के अन्य शेयरों की शुरुआत कैसी रही?
सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स के कई दिग्गज शेयर बढ़त के साथ खुले। एटरनल में 0.86% की तेजी रही, जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.81% चढ़ा। टेक महिंद्रा 0.54% और भारतीय स्टेट बैंक 0.52% मजबूत हुए। एचसीएल टेक 0.35%, एनटीपीसी और कोटक महिंद्रा बैंक 0.33-0.33% ऊपर खुले।
टीसीएस में 0.32% और टाटा स्टील व बजाज फिनसर्व में 0.26% की बढ़त दर्ज की गई। इंफोसिस 0.24%, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स 0.19-0.19% ऊपर रहे। इसके अलावा मारुति सुजुकी 0.14%, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.08%, इंडिगो और बजाज फाइनेंस 0.06-0.06%, आईटीसी 0.05%, सनफार्मा 0.04% और एलएंडटी 0.02% की हल्की मजबूती के साथ खुले।
वहीं, कुछ शेयरों में दबाव भी देखने को मिला। अल्ट्राटेक सीमेंट 0.26% फिसला, जबकि एचडीएफसी बैंक 0.24% नीचे खुला। अडाणी पोर्ट्स 0.23%, ट्रेंट 0.22% और भारती एयरटेल 0.20% कमजोर रहे। हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.11%, पावरग्रिड 0.08% और एक्सिस बैंक 0.07% की गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत हुई।
निफ्टी 50 की 50 में से 37 शेयर हरे निशान में खुले
बुधवार को बाजार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ हुई। सेंसेक्स की 30 में से 21 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में खुले, जबकि 9 शेयर लाल निशान में कारोबार की शुरुआत करते दिखे।
इसी तरह, निफ्टी 50 में भी मजबूती का रुख नजर आया। सूचकांक की 50 में से 37 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ खुले, जबकि 13 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में रहे।
सेंसेक्स के शेयरों में टाइटन सबसे ज्यादा 2.26% की बढ़त के साथ खुला। वहीं, बीईएल में सबसे अधिक 0.49% की गिरावट दर्ज की गई और यह दिन की शुरुआत में सबसे कमजोर शेयर रहा।