दिग्गज पटकथा लेखक और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मंगलवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी सेहत को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पिता की तबीयत की खबर मिलते ही सलमान खान अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल लिया। उनकी बहन अलवीरा खान भी सलीम खान से मिलने के लिए लीलावती अस्पताल पहुंचीं।
पिता सलीम खान से मिलने अस्पताल पहुंचे सलमान खान। इस दौरान सलमान ब्लैक टी-शर्ट और कैप में नजर आए। वह मीडिया से बातचीत किए बिना सीधे अस्पताल से बाहर निकले और कार में बैठकर रवाना हो गए। सलीम खान की सेहत को लेकर फैंस में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं की जा रही हैं।
इसी बीच सलमान खान की बहन अलवीरा अग्निहोत्री भी पिता सलीम खान का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचीं। वह काफी जल्दबाजी में दिखाई दीं और तेजी से अस्पताल के भीतर चली गईं। इस दौरान उन्होंने चेहरे पर मास्क पहन रखा था।
सलीम खान की करियर जर्नी
करीब 90 वर्ष की उम्र में भी सलीम खान भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित नामों में गिने जाते हैं। उन्होंने बतौर स्क्रीनराइटर फिल्म इंडस्ट्री में ऐसी पहचान बनाई, जो आज भी मिसाल मानी जाती है। उनकी जोड़ी मशहूर लेखक Javed Akhtar के साथ खूब जमी और दोनों को साथ में ‘सलीम-जावेद’ के नाम से जाना गया।
इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार और सुपरहिट फिल्में दीं। Sholay, Deewaar, Zanjeer और Don जैसी फिल्मों की पटकथा ने दर्शकों के बीच नई लहर पैदा की। खास तौर पर अभिनेता Amitabh Bachchan की ‘एंग्री यंग मैन’ वाली छवि को गढ़ने में सलीम-जावेद की अहम भूमिका रही। उनकी लेखनी ने 70 और 80 के दशक की फिल्मों को नई दिशा दी और हिंदी सिनेमा की कहानी कहने के अंदाज़ को बदल कर रख दिया।
सलीम खान की पर्सनल लाइफ
सलीम खान की निजी जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रही है। उन्होंने दो शादियां कीं और उनकी दोनों पत्नियां एक ही परिवार में साथ रहती हैं। उनकी पहली शादी सुशीला चरक से हुई थी। इस रिश्ते से उनके चार बच्चे हैं—तीन बेटे सलमान खान, अरबाज खान और सोहेल खान, जबकि एक बेटी अलवीरा खान हैं। बाद में सलीम खान ने अभिनेत्री Helen से दूसरी शादी की। सलीम और हेलेन ने मिलकर एक बेटी को गोद लिया, जिसका नाम अर्पिता खान रखा गया। सलीम खान का परिवार आज भी आपसी मेलजोल और मजबूत रिश्तों के लिए जाना जाता है, जहां सभी सदस्य साथ मिलकर रहते हैं।