ND vs NZ, T20 World Cup Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ट्रॉफी जीत ली। इस हार के साथ ही न्यूजीलैंड का पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया।
टूर्नामेंट के दौरान कीवी टीम का प्रदर्शन काफी दमदार रहा था। न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी और खिताब के मजबूत दावेदार के रूप में उतरी थी। लेकिन खिताबी मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी टिक नहीं पाई।
256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रनों पर सिमट गई। इस हार के साथ ही कीवी टीम के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया और उसका टी20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना फिर टूट गया।
दूसरी बार फाइनल में मिली हार
न्यूजीलैंड की यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में दूसरी हार है। इसके साथ ही कीवी टीम उन चुनिंदा टीमों की सूची में शामिल हो गई है, जिन्हें इस टूर्नामेंट के फाइनल में एक से ज्यादा बार हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2021 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
न्यूजीलैंड से पहले पाकिस्तान और श्रीलंका के नाम भी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में दो-दो हार दर्ज हैं। पाकिस्तान को 2007 के फाइनल में भारत ने हराया था, जबकि 2022 में इंग्लैंड ने उसे खिताबी मुकाबले में मात दी थी। वहीं, श्रीलंका को 2009 और 2012 में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
एक से ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप फाइनल हारने वाली टीमें
पाकिस्तान – 2 बार (2007, 2022)
श्रीलंका – 2 बार (2009, 2012)
न्यूजीलैंड – 2 बार (2021, 2026)
टूर्नामेंट में ऐसा रहा टीम का प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा। कीवी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में कुल 9 मैच खेले। ग्रुप स्टेज में टीम ने 4 में से 3 मुकाबलों में जीत हासिल की, जबकि उसे एकमात्र हार साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली।
इसके बाद सुपर-8 चरण में न्यूजीलैंड ने 3 में से 2 मैच अपने नाम किए। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ उसका एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा।