Naman Awards 2026: नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित नमन अवॉर्ड्स 2026 में भारतीय क्रिकेट की ऐतिहासिक उपलब्धियों का जश्न देखने को मिला। इस मौके पर बीसीसीआई ने भारत की पांच वर्ल्ड कप विजेता टीमों को सम्मानित किया। समारोह के दौरान इन टीमों के खिलाड़ियों को मेमेंटो प्रदान कर उनकी शानदार उपलब्धियों और योगदान को याद किया गया।
पिछले कुछ वर्षों में भारतीय क्रिकेट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बड़े आईसीसी खिताब अपने नाम किए हैं। इसी उपलब्धि को सम्मान देने के लिए नई दिल्ली में आयोजित समारोह में भारत की पांच वर्ल्ड कप विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इनमें ICC अंडर-19 महिला T20 वर्ल्ड कप 2025, ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025, ICC अंडर-19 पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026, ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 और ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 की विजेता टीमें शामिल रहीं। समारोह के दौरान इन टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित कर भारतीय क्रिकेट की लगातार मिल रही सफलताओं का जश्न मनाया गया।
युवा स्तर पर भी भारतीय टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। भारत की अंडर-19 महिला टीम ने कप्तान निक्की प्रसाद की अगुवाई में 2025 के अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया था। वहीं पुरुष अंडर-19 टीम ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए कप्तान आयुष म्हात्रे के नेतृत्व में इसी साल अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतकर भारत को एक और बड़ी सफलता दिलाई।
भारतीय सीनियर टीमों ने भी हाल के वर्षों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम की हैं। पुरुष सीनियर टीम ने कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीता। इसके बाद साल के अंत में महिला टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 जीतकर इतिहास रच दिया।
वहीं हाल ही में भारत ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब भी अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का रिकॉर्ड बनाया। अलग-अलग वर्गों में मिले ये पांच वर्ल्ड कप इस बात का संकेत हैं कि भारत में क्रिकेट प्रतिभा की भरपूर ताकत है और आने वाले समय में विश्व क्रिकेट में उसका प्रभाव और मजबूत हो सकता है।
नमन अवॉर्ड्स के दौरान BCCI ने भारतीय क्रिकेट के तीन महान खिलाड़ियों को कर्नल सी. के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया। इस सम्मान से राहुल द्रविड़, मिताली राज और रोजर बिन्नी को नवाजा गया, जिन्होंने अपने शानदार करियर से भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
इसके अलावा, भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को 2024–25 सीजन के लिए बेस्ट इंटरनेशनल मेन्स क्रिकेटर का अवॉर्ड दिया गया। वहीं महिला वर्ग में यह सम्मान स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को मिला, जिन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से टीम इंडिया को कई अहम जीत दिलाई हैं।