खूनखराबे के साए में बांग्लादेश चुनाव, 2 बूथों पर धमाके; BNP नेता मारे गए

khoonkhraabe ke saaye mein Bangladesh chunav 2 boothon par dhamake bnp neta maare gaye

Sneh Sharma

Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में आम चुनाव के दौरान हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। वोटिंग के बीच दो अलग-अलग पोलिंग बूथों पर देसी बम फटने की खबर है, जबकि एक अन्य मतदान केंद्र पर झड़प के बाद एक BNP नेता की मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेली स्टार ने बताया कि गोपालगंज के एक मतदान केंद्र पर देसी बम विस्फोट हुआ। वहीं ढाका ट्रिब्यून के अनुसार मुंशीगंज में भी एक पोलिंग बूथ पर इसी तरह का धमाका हुआ।

इसके अलावा खुलना सदर स्थित आलिया मदरसा पोलिंग बूथ पर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर हाथापाई हो गई। इस दौरान मोहिबुज्जमां कोच्चि नाम के BNP नेता की मौत हो गई। स्थानीय BNP नेताओं का आरोप है कि धक्का दिए जाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद यह घटना हुई।

गोपालगंज में मतदान केंद्र पर विस्फोट, तीन घायल

बांग्लादेश के गोपालगंज में मतदान के दौरान हुए देसी बम विस्फोट में अर्धसैनिक बल अंसार के दो जवान और एक 13 वर्षीय बच्ची घायल हो गए। डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सरवर हुसैन ने बताया कि यह विस्फोट सुबह करीब 9 बजे निचूपारा इलाके स्थित रेशमा इंटरनेशनल स्कूल मतदान केंद्र पर हुआ।

अधिकारियों के अनुसार घायल अंसार जवानों की पहचान सुकांतो मजूमदार और जमाल मोल्ला के रूप में हुई है, जबकि तीसरी घायल बच्ची का नाम अमेना खानम बताया गया है। पुलिस ने कहा कि तीनों को मामूली चोटें आई हैं।

पोलिंग बूथ के पीठासीन अधिकारी जहीरुल इस्लाम ने बताया कि विस्फोट की आवाज तेज थी, लेकिन हालात को तुरंत काबू में कर लिया गया और मतदान प्रक्रिया प्रभावित नहीं हुई। उन्होंने बताया कि मतदान के पहले दो घंटों में केंद्र पर 198 वोट डाले गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मुंशीगंज में मतदान केंद्र पर देसी बम विस्फोट

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक मुंशीगंज के सदर उपजिला स्थित मोल्लाकांडी यूनियन के मखाती गुरुचरण हाई स्कूल मतदान केंद्र पर देसी बम फटने की घटना सामने आई है। मुंशीगंज सदर थाने के प्रभारी मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम ने बताया कि विस्फोट सुबह करीब 11 बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले सुबह लगभग 10 बजे BNP समर्थित उम्मीदवार कमरुज्जमां और निर्दलीय प्रत्याशी मोहिउद्दीन के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं की है।

खुलना में झड़प के बाद BNP नेता की मौत

बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार खुलना सदर के आलिया मदरसा मतदान केंद्र पर दो पक्षों के बीच हुई झड़प और हाथापाई के बाद BNP नेता मोहिबुज्जमां कोच्चि की मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है।

स्थानीय BNP नेताओं का आरोप है कि धक्का दिए जाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। मोहिबुज्जमां कोच्चि खुलना मेट्रोपॉलिटन BNP के पूर्व कार्यालय सचिव रह चुके थे।

खुलना मेट्रोपॉलिटन पुलिस (केएमपी) के कमिश्नर मोहम्मद जाहिदुल हसन ने बीबीसी बांग्ला से बातचीत में घटना की पुष्टि की। उनके अनुसार सुबह वोट मांगने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Total Views: 1
Share This Article
Leave a Comment