करूर भगदड़ केस: थलापति विजय को CBI ने भेजा समन, दिल्ली में होंगे सवाल-जवाब

karur stampede case cbi summons thalapathy vijay questioning in delhi

Sneh Sharma
karur stampede case cbi summons thalapathy vijay questioning in delhikarur stampede case cbi summons thalapathy vijay questioning in delhi

तमिल सुपरस्टार थलापति विजय इन दिनों कई वजहों से सुर्खियों में हैं। एक ओर उनकी आखिरी फिल्म ‘जना नायकन’ की रिलीज पिछले दो महीनों से टली हुई है, तो दूसरी ओर उनकी निजी जिंदगी भी विवादों के कारण चर्चा में बनी हुई है। इसी बीच करूर भगदड़ मामले ने भी उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में विजय को फिर से तलब किया है। इससे पहले अभिनेता से 12 और 19 जनवरी को पूछताछ की जा चुकी है। अब एजेंसी ने उन्हें एक बार फिर समन जारी किया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, इस मामले में विजय से 15 मार्च को दिल्ली में पूछताछ की जाएगी।

पहले भी हो चुकी है पूछताछ

करूर भगदड़ मामले में थलापति विजय से पहले भी पूछताछ की जा चुकी है। 12 और 19 जनवरी को सीबीआई ने उन्हें अपने मुख्यालय में बुलाकर सवाल-जवाब किए थे। इस दौरान जांच में कुछ नए पहलू सामने आए थे। इन्हीं बिंदुओं पर स्पष्टीकरण लेने के लिए अब एजेंसी ने विजय को एक बार फिर समन जारी किया है। विजय के अलावा करूर के एक विधायक को भी सीबीआई ने नोटिस भेजा है, जिनसे 17 मार्च को पूछताछ की जाएगी।

करूर भगदड़ मामला

यह मामला 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु के करूर में हुई भगदड़ से जुड़ा है। उस घटना में 41 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। हादसा विजय की एक राजनीतिक रैली के दौरान हुआ था, जहां उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे। भीड़ बढ़ने के साथ हालात बेकाबू हो गए और भगदड़ मच गई। शुरुआत में इस मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा था, लेकिन बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जांच सीबीआई को सौंप दी गई। अब एजेंसी ही इस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

कई लोगों से हो चुकी है पूछताछ

इस मामले में सीबीआई पहले ही कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी ने तमिलनाडु पुलिस के उन अधिकारियों और कर्मियों को भी तलब किया था, जो घटना के दिन विजय की सुरक्षा में मौके पर तैनात थे। करूर स्थित बेस कैंप में पुलिसकर्मियों से पूछताछ की गई, जहां उनसे भगदड़ वाले दिन विजय की गतिविधियों और उनकी आवाजाही के समय को लेकर कई सवाल किए गए।

इसके अलावा सीबीआई ने इस मामले में करूर के जिला कलेक्टर एम. थंगावेल और एसपी के. जोस के बयान भी दर्ज किए हैं। दोनों अधिकारी भगदड़ के दिन घटनास्थल पर मौजूद थे, इसलिए एजेंसी ने उनसे उस दिन की पूरी स्थिति और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

Total Views: 1
Share This Article
Leave a Comment