तेल अवीव: इजरायल ने ईरान पर बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है। देशभर में हवाई हमलों की चेतावनी देने वाले सायरन गूंज रहे हैं। इजरायली वायुसेना ने कार्रवाई की पुष्टि की है। राजधानी तेहरान सहित कई इलाकों से तेज धमाकों की आवाजें आने की खबर है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए इजरायल में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है और कई जगहों पर सायरन बज रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों को खाली कराया जा रहा है और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इजरायल ने एक साथ कई बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ईरान को सख्त चेतावनी देते रहे हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
कई इलाकों में आग और धुएं का गुबार
तेहरान के अलग-अलग हिस्सों से हमलों के बाद आग की ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार उठते देखे गए। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक कई स्थानों पर तेज धमाकों के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
ये घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आए हैं जब ईरान और अमेरिका के बीच चल रही परमाणु वार्ताओं में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका है। वॉशिंगटन की मांग है कि तेहरान परमाणु हथियारों की दिशा में आगे न बढ़े और यूरेनियम संवर्धन की गतिविधियां रोके। वहीं ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है और वह यूरेनियम संवर्धन पूरी तरह बंद करने को तैयार नहीं है।
विश्लेषकों का मानना है कि दोनों देशों के बीच इसी मतभेद ने हालात को फिर से टकराव की ओर धकेल दिया है।
अमेरिकी चेतावनियों के बीच तेज हुआ सैन्य तनाव
इजरायल की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका की ओर से ईरान को लेकर सख्त बयान लगातार सामने आ रहे थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बीते दिनों तेहरान को कड़ी चेतावनियां दे चुके थे, जिससे क्षेत्र में पहले से ही तनाव बना हुआ था।
सूत्रों के अनुसार, अमेरिका ने अपने सैन्य संसाधनों की तैनाती के जरिए ईरान पर दबाव बढ़ा रखा था। इसी पृष्ठभूमि में इजरायल ने एक साथ करीब 30 स्थानों को निशाना बनाते हुए हमले किए। बताया जा रहा है कि कई इलाकों में एक साथ विस्फोट हुए, जिसके बाद हालात और अधिक संवेदनशील हो गए हैं।
तेहरान टाइम्स ने हमले की पुष्टि की
ईरान के प्रमुख समाचार पत्र Tehran Times ने भी हमलों की पुष्टि की है। अखबार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि राजधानी तेहरान के कई इलाकों में धमाकों की आवाज सुनी गई।
साथ ही, अखबार ने कथित हमलों से जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें अलग-अलग स्थानों से उठता धुआं और धमाकों के बाद का दृश्य दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, शहर के कई हिस्सों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
इजरायली वायुसेना ने जारी किया अलर्ट, लोगों से सुरक्षित ठिकानों में रहने की अपील
ईरान पर हमले के बाद इजरायली वायुसेना ने देशभर में हाई अलर्ट जारी किया है। राजधानी तेल-अवीव समेत कई इलाकों में सायरन बजने लगे। अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन पर भी अग्रिम चेतावनी संदेश भेजे गए हैं, जिनमें नागरिकों से सुरक्षित स्थानों के पास ही रहने को कहा गया है।
इजरायल रक्षा बल (IDF) ने स्पष्ट किया कि यह एहतियाती कदम संभावित मिसाइल हमलों की आशंका को देखते हुए उठाया गया है। सेना ने लोगों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें और अगली सूचना तक सुरक्षित क्षेत्रों के आसपास ही रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत शरण ली जा सके।