Sourav Ganguly on Pakistan T20 World Cup Controversy:
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान के रुख पर सौरव गांगुली ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भारत के पूर्व कप्तान ने इस फैसले पर नाराज़गी जताते हुए पीसीबी की आलोचना की। गांगुली ने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि पाकिस्तान आखिर किस वजह से वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पीछे हटने की बात कर रहा है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पाकिस्तानी टीम पहले से ही श्रीलंका में मुकाबले खेल रही है। गांगुली के मुताबिक, वर्ल्ड कप में हर मुकाबला और हर अंक बेहद अहम होता है और ऐसे में इस तरह का फैसला हैरान करने वाला है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश के फैसले का समर्थन करते हुए भारत के खिलाफ अपने मुकाबले के बहिष्कार का ऐलान किया था। टूर्नामेंट के आगाज़ से पहले भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा था कि टीम इंडिया अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले वर्ल्ड कप मैच के लिए पूरी तरह तैयार है। यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है।
गुरुवार को कोलंबो में हुई कप्तानों की मीडिया ब्रीफिंग के दौरान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर भारत के रुख में कोई बदलाव नहीं है। उन्होंने कहा कि आर. प्रेमदासा स्टेडियम में 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप ए मुकाबले से पहले टीम इंडिया पूरी तरह तैयार है। सूर्यकुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि भारतीय टीम मैच खेलने जा रही है, फ्लाइट बुक हो चुकी है और बाकी फैसला पाकिस्तान को करना है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भारत ने एशिया कप 2025 में भी पाकिस्तान के खिलाफ न्यूट्रल वेन्यू पर मुकाबला खेला था। सूर्यकुमार के मुताबिक टीम को सूचित किया गया है कि 15 फरवरी को मैच निर्धारित है और उसी के अनुसार तैयारियां की जा रही हैं।
पाकिस्तान के रुख में बदलाव के संकेत
भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप मुकाबले के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान के रुख में नरमी के संकेत मिल रहे हैं। इसकी वजह लाहौर में हुई हालिया बैठक बताई जा रही है, जहां आईसीसी ने पीसीबी को स्पष्ट तौर पर आगाह किया कि मैच नहीं खेलने की स्थिति में पाकिस्तानी क्रिकेट को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी के मद्देनज़र सोमवार को पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद यह तय किया जाएगा कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला खेला जाएगा या नहीं।