IND vs PAK: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर बना असमंजस अब खत्म हो गया है। पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी से पीछे हटने के बाद यह तय हो गया है कि दोनों टीमें 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।
इस पूरे मामले पर अब बीसीसीआई की तरफ से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विवाद सुलझाने का श्रेय इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को दिया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को प्राथमिकता में रखते हुए एक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला गया, जिससे दोनों देशों के करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को बड़ी राहत मिली है।
ICC की पहल से निकला समाधान
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस पूरे विवाद को सुलझाने में आईसीसी की पहल और उसके चेयरमैन की निगरानी में हुई चर्चाओं की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि आईसीसी के प्रतिनिधि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से बातचीत के लिए लाहौर गए थे, जिसके बाद हालात में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।
राजीव शुक्ला ने इस नतीजे पर खुशी जताते हुए कहा कि आईसीसी के प्रयासों, चेयरमैन की निगरानी और पीसीबी व बीसीबी के साथ हुई बातचीत के जरिए क्रिकेट को प्राथमिकता देने वाला एक संतुलित और सौहार्दपूर्ण समाधान सामने आया है। उनके मुताबिक, इस पहल के लिए आईसीसी पूरी तरह से बधाई की हकदार है।
ICC के लिए बड़ी उपलब्धि
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम को आईसीसी की एक बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को बातचीत के लिए तैयार करना और समय रहते मसले का हल निकालना आसान काम नहीं था। उनके मुताबिक यह आईसीसी की कूटनीतिक और प्रशासनिक क्षमता को दर्शाता है।
उन्होंने आईसीसी का आभार जताते हुए कहा कि संस्था की पहल के बिना यह समाधान संभव नहीं हो पाता। अंततः पाकिस्तान ने कोलंबो में मैच खेलने पर सहमति दी और 15 फरवरी को तय कार्यक्रम के अनुसार मुकाबला होगा। उन्होंने इसे सभी क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर बताते हुए कहा कि अब यह वर्ल्ड कप एक सफल आयोजन की मिसाल बनेगा।
बांग्लादेश को भी मिली राहत
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में बांग्लादेश की भावनाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया। भले ही बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले पा रहा हो, लेकिन आईसीसी की बातचीत के बाद उनके क्रिकेट बोर्ड को राहत दी गई है।
राजीव शुक्ला के मुताबिक चर्चा के दौरान बांग्लादेश बोर्ड की चिंताओं को सुना गया और उन्हें संतोषजनक आश्वासन मिला। इसी वजह से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भी इस समाधान से संतुष्ट है और आईसीसी की कोशिशों की सराहना कर रहा है। उन्होंने इसे सभी पक्षों के लिए फायदेमंद बताते हुए कहा कि यह पूरी तरह एक ‘विन-विन सिचुएशन’ साबित हुई है।