मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर नेपाल में ईंधन की कीमतों पर भी देखने को मिला है। नेपाल में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में बड़ा इजाफा किया गया है। नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 31 रुपये, डीजल में 54 रुपये और एलपीजी गैस सिलेंडर में 296 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष तथा खाड़ी देशों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए नेपाल सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में यह बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन की रविवार देर रात तक चली बैठक में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ाने का निर्णय लिया गया। निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों के कारण यह कदम उठाना पड़ा। नई दरें रविवार रात 12 बजे से प्रभावी कर दी गई हैं।
क्या है नया रेट कार्ड?
नए मूल्य संशोधन के तहत पेट्रोल की कीमत में 31 रुपये प्रति लीटर, डीजल में 54 रुपये प्रति लीटर और एलपीजी गैस सिलेंडर में 296 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद अब नेपाल में पेट्रोल 188 रुपये प्रति लीटर, डीजल 196 रुपये प्रति लीटर और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 2,126 रुपये तय की गई है।
पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेज उछाल
नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार हाल के दिनों में मध्यपूर्व और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी आई है। इसका सीधा असर आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है। निगम ने बताया कि नेपाल जैसे देश, जहां पेट्रोलियम का उत्पादन नहीं होता, वहां वैश्विक बाजार में कीमतों में बदलाव का असर सीधे घरेलू दरों पर दिखाई देता है। इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण आपूर्ति प्रणाली प्रभावित हुई थी और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन को भुगतान करने में निगम को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का जताया आभार
नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन ने मौजूदा समय में भी देश को लगातार पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बनाए रखने के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का आभार व्यक्त किया है। निगम का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए कीमतों में यह समायोजन किया गया है, ताकि देश में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बिना रुकावट जारी रह सके।