Colombo Weather Updates Today: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि इस रोमांचक मैच से पहले मौसम चिंता बढ़ा रहा है। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के मुताबिक दिन में बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन शाम तक हालात में सुधार हो सकता है।
दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की है। मौजूदा चैंपियन भारत ने पहले मुकाबले में अमेरिका को हराया, जबकि दूसरे मैच में नामीबिया को 93 रनों से बड़ी शिकस्त दी। दूसरी ओर पाकिस्तान की शुरुआत नीदरलैंड के खिलाफ संघर्षपूर्ण रही, लेकिन टीम ने करीबी मैच अपने नाम किया। इसके बाद पाकिस्तान ने अमेरिका पर आसान जीत दर्ज कर लय हासिल कर ली।
अगर बारिश ने खेल बिगाड़ दिया तो क्या होगा?
टी20 मुकाबले का आधिकारिक नतीजा निकालने के लिए जरूरी है कि दोनों टीमें कम से कम 5-5 ओवर खेलें। यदि खराब मौसम और लगातार बारिश के चलते इतना खेल भी संभव नहीं हो पाता, तो मैच को रद्द करना पड़ेगा।
ग्रुप चरण में रिजर्व डे का प्रावधान नहीं है, इसलिए मुकाबला धुलने की स्थिति में दोनों टीमों को एक-एक अंक बांट दिए जाएंगे।
पूरा मैच रद्द होने का असर सिर्फ अंक तालिका तक सीमित नहीं रहेगा। इससे आयोजकों और ब्रॉडकास्टर को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, दर्शकों के लिए टिकट रिफंड की नौबत भी आ सकती है, जिससे आयोजन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा।
बारिश से निपटने को पूरी तरह तैयार ग्राउंड स्टाफ
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए मैदान को सुरक्षित रखने के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ग्राउंड स्टाफ पूरी तरह सतर्क है और कवर समेत सभी जरूरी संसाधन तैयार रखे गए हैं।
बताया जा रहा है कि बारिश थमने के बाद महज 35 से 45 मिनट के भीतर पिच और आउटफील्ड को खेलने लायक स्थिति में लाया जा सकता है, जिससे मुकाबले में ज्यादा देरी न हो।