बड़ा यू-टर्न! पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच खेलने पर विचार को तैयार, श्रीलंका की पहल पर PCB सक्रिय

big u turn Pakistan ready to consider playing india match pcb active after sri lanka initiative

Sneh Sharma
big u turn Pakistan ready to consider playing india match pcb active after sri lanka initiative

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत के साथ ही भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। 15 फरवरी को होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने पुराने फैसले से पीछे हट सकता है। संकेत मिल रहे हैं कि PCB भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर दोबारा विचार करने की तैयारी में है।

PCB की ओर से कहा गया है कि वह श्रीलंका के कोलंबो में प्रस्तावित इस मुकाबले को लेकर पाकिस्तान सरकार से बातचीत करेगा। हालांकि पाकिस्तान सरकार पहले ही बोर्ड को राष्ट्रीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप में भेजने की मंजूरी दे चुकी है, लेकिन भारत के खिलाफ खेलने पर रोक लगा रखी है।

गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान मैच ICC टूर्नामेंट्स का सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है और ब्रॉडकास्टर्स के लिए यह मुकाबला रेवेन्यू के लिहाज से भी सबसे अहम होता है। ऐसे में PCB का यह कदम आने वाले दिनों में टूर्नामेंट की दिशा तय कर सकता है।

न्यूज़ एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को एक ईमेल भेजा है। इस मेल में साफ तौर पर कहा गया है कि भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने के पाकिस्तान के फैसले से श्रीलंका क्रिकेट को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। साथ ही इससे टूर्नामेंट की साख और श्रीलंका क्रिकेट की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले कोलंबो और पाल्लेकल में खेलने वाला है। ऐसे में श्रीलंका बोर्ड का मानना है कि PCB को अपने रुख पर दोबारा विचार करना चाहिए।

एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच सरकार और क्रिकेट दोनों स्तरों पर रिश्ते हमेशा मजबूत रहे हैं। इसी वजह से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की ओर से भेजे गए इस ईमेल को नजरअंदाज करना PCB के लिए आसान नहीं होगा।

सूत्रों के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने इस मामले में सीधे PCB प्रमुख मोहसिन नकवी से बातचीत की है। उन्होंने साफ कहा कि मौजूदा हालात में श्रीलंका को पाकिस्तान के समर्थन की सख्त जरूरत है। भारत-पाकिस्तान मुकाबला रद्द होने की स्थिति में श्रीलंका क्रिकेट को टिकट बिक्री के साथ-साथ उससे जुड़ी आय में बड़ा झटका लग सकता है।

बताया जा रहा है कि इस बातचीत के बाद मोहसिन नकवी ने शम्मी सिल्वा को भरोसा दिलाया है कि वह इस मुद्दे पर पाकिस्तान सरकार से चर्चा करेंगे और समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।

Total Views: 1
Share This Article
Leave a Comment