मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच प्रस्तावित क्रिकेट सीरीज फिलहाल टाल दी गई है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में बने अस्थिर हालातों के कारण यह फैसला लिया गया है। यह सीरीज संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित होनी थी।
दोनों टीमों के बीच 13 मार्च से 25 मार्च तक तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाने तय थे, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इसे आगे के लिए स्थगित कर दिया गया है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने कहा कि मौजूदा हालातों में सीरीज कराना मुश्किल था। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति के साथ-साथ हवाई यात्रा और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी कई चुनौतियां भी सामने आ रही थीं, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ नसीब खान ने यह भी बताया कि सीरीज को श्रीलंका में शिफ्ट करने का विकल्प भी देखा गया था। हालांकि उस समय यूएई से श्रीलंका के लिए उड़ानें उपलब्ध नहीं थीं, जिससे टीमों के यात्रा प्रबंधन में दिक्कत आ रही थी। इसके अलावा कम समय में होटल बुकिंग, मैदान की उपलब्धता और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं करना भी चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में फिलहाल सीरीज को स्थगित करने का फैसला लिया गया है। बोर्ड का कहना है कि इसे साल की आखिरी तिमाही में आयोजित किया जा सकता है।
यह टी20 सीरीज खास इसलिए भी मानी जा रही थी क्योंकि हाल ही में राशिद खान से टी20 टीम की कप्तानी हटा दी गई है। ऐसे में यह पहला मौका होता जब अफगानिस्तान की टी20 टीम इब्राहिम जादरान की कप्तानी में मैदान पर उतरती।
दोनों टीमें हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी आमने-सामने आई थीं। अफगानिस्तान का प्रदर्शन इस बार उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा और टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी। इससे पहले 2024 के टूर्नामेंट में अफगानिस्तान ने शानदार खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल तक जगह बनाई थी। वहीं टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका का सफर भी ज्यादा लंबा नहीं चला और टीम सुपर-8 चरण में ही बाहर हो गई।