अहमदाबाद एयर इंडिया क्रैश पर इटली की खबर खारिज, सरकार ने कहा– अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करें

Ahmedabad air india crash Italy report rejected government says wait for final report

Sneh Sharma
Ahmedabad air india crash Italy report rejected government says wait for final report

पिछले वर्ष अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर विदेशी मीडिया में आई खबरों को भारत सरकार ने खारिज कर दिया है। केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच भारतीय एजेंसियां कर रही हैं और उन्हें अपना काम करने दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को अपनी जांच एजेंसियों पर भरोसा रखना चाहिए, न कि बाहरी स्रोतों से आई अपुष्ट रिपोर्टों पर।

दरअसल, इटली के एक अखबार में प्रकाशित खबर में दावा किया गया था कि जांच एजेंसियों ने अपनी रिपोर्ट में हादसे के लिए एयर इंडिया के पायलटों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि सरकार ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए कहा है कि जांच प्रक्रिया अभी जारी है और आधिकारिक निष्कर्ष आने का इंतजार किया जाना चाहिए।

12 जून को अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने शनिवार को सांगली में कहा कि अंतिम जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी भी तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

गौरतलब है कि पिछले साल 12 जून को एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए रवाना हुआ था, लेकिन टेक-ऑफ के तुरंत बाद ही वह भीषण हादसे का शिकार हो गया। विमान एयरपोर्ट के पास स्थित बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल ब्लॉक से जा टकराया। वर्ष 2025 की इस सबसे बड़ी विमान दुर्घटना में कुल 297 लोगों की जान गई, जिनमें 241 यात्री और हॉस्टल परिसर व आसपास मौजूद कई अन्य लोग शामिल थे।

इस भीषण विमान हादसे को लेकर वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) ने गुरुवार को स्पष्ट किया था कि जांच प्रक्रिया अभी जारी है और एजेंसी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। AAIB ने मीडिया में चल रही उन खबरों को खारिज किया, जिनमें दावा किया गया था कि जांच पूरी हो चुकी है। एजेंसी ने ऐसी रिपोर्टों को ‘गलत और अटकलों पर आधारित’ बताया।

पिछले साल जारी अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में AAIB ने उल्लेख किया था कि दुर्घटना से ठीक पहले विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद पाए गए थे। ये स्विच इंजन तक ईंधन की आपूर्ति को नियंत्रित करते हैं। यदि इन्हें बंद कर दिया जाए, तो इंजन तक फ्यूल पहुंचना बंद हो जाता है, जिससे इंजन काम करना बंद कर सकता है। हालांकि, एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया था कि विस्तृत जांच और अंतिम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।

Total Views: 0
Share This Article
Leave a Comment