पालम में आग से हड़कंप, 9 लोग जिंदा जले, 30 दमकल गाड़ियां लगीं बुझाने में

delhi palam fire 9 people burnt alive dead

Sneh Sharma
delhi palam fire 9 people burnt alive deaddelhi palam fire 9 people burnt alive dead

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बुधवार सुबह पालम इलाके में स्थित चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 9 लोगों की जान चली गई।

बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद एक कॉस्मेटिक दुकान से हुई। देखते ही देखते लपटों ने तेजी से ऊपरी मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हालात बेकाबू हो गए।

घटना के समय इमारत के अंदर करीब 18 लोग मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपर से छलांग लगाई, लेकिन बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता आग की चपेट में आ जाने से कई लोग अंदर ही फंस गए। शुरुआती सूचना में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी रहा।

वहीं, दमकल विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना सुबह करीब 7 बजे मिली थी। यह घटना पालम मेट्रो स्टेशन के पास गली नंबर 2 में हुई, जहां एक घर में आग लगी और लोगों के फंसे होने की आशंका थी। सूचना मिलते ही दमकल की करीब 30 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जो आग बुझाने और बचाव कार्य में जुटी रहीं।

पालम में इमारत में लगी आग की घटना पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी संज्ञान लिया है और मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दुख जताते हुए लिखा कि इस दर्दनाक घटना की जानकारी पाकर वह बेहद व्यथित हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के अभी भी इमारत में फंसे होने की आशंका है, जबकि जिला प्रशासन, दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। साथ ही, घटना की पूरी जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी की सुरक्षा की कामना भी की है।

Total Views: 0
Share This Article
Leave a Comment