हैदराबाद से फुकेट जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट बुधवार दोपहर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। रनवे पर उतरते ही विमान का नोज गियर टूट गया और आगे का पहिया अलग हो गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए रनवे बंद कर दिया गया। हालांकि विमान में सवार सभी 133 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हार्ड लैंडिंग में टूटा नोज गियर
एयरलाइन का बोइंग 737 मैक्स 8 विमान बुधवार दोपहर फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतर रहा था। अधिकारियों के अनुसार लैंडिंग काफी तेज रही, जिसकी वजह से विमान का आगे वाला पहिया अलग हो गया और नोज लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा।
कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा रनवे
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। इसके चलते कुछ अन्य उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ और कई फ्लाइट्स की आवाजाही में देरी देखने को मिली।
इमरजेंसी प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों को निकाला गया
विमान में सवार सभी 133 यात्रियों को इमरजेंसी प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की खबर नहीं है।
एयरलाइन ने जारी किया बयान
एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि क्रू मेंबर्स ने सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल विमान एयरपोर्ट पर ही खड़ा है और आगे की प्रक्रिया जारी है।
घटना की जांच संभव
फ्लाइट भारतीय एयरलाइन की होने के कारण इस मामले में डीजीसीए संज्ञान ले सकता है। वहीं बोइंग 737 मैक्स 8 विमान पहले से ही वैश्विक स्तर पर निगरानी और जांच के दायरे में रहा है, इसलिए इस घटना की भी विस्तृत जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।