अभिनेत्री दिव्या दत्ता एक नई और संवेदनशील कहानी के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने वाली हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘चिरइया’ का टीजर शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया। यह फिल्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी और महिलाओं के खिलाफ होने वाले वैवाहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर मुद्दे को केंद्र में रखती है।
टीजर की शुरुआत एक शादी के खुशहाल माहौल से होती है, जहां पूजा नाम की एक युवा दुल्हन अपने नए जीवन की शुरुआत करती नजर आती है। लेकिन कुछ ही पलों में कहानी का रंग बदल जाता है। एक दृश्य में पूजा को छत पर अकेले बैठे, टूटे हुए मन और शरीर पर चोट के निशानों के साथ दिखाया गया है, जो उसके भीतर चल रहे दर्द को बयां करता है।
टीजर के एक भावुक पल में दिव्या दत्ता समाज से सवाल करती दिखाई देती हैं—क्या शादी के बाद पति द्वारा पत्नी पर जबरदस्ती करना अपराध नहीं माना जाना चाहिए? फिल्म इसी सवाल के जरिए एक अहम सामाजिक बहस को सामने लाने की कोशिश करती है।
दिव्या दत्ता का दमदार किरदार
टीजर में फिल्म की मूल थीम को गहराई से सामने रखा गया है। बैकग्राउंड में आवाज सुनाई देती है कि शादी की चमक-धमक के पीछे एक ऐसा सच छिपा होता है, जिसे अक्सर नाम देने से भी लोग कतराते हैं। ‘चिरइया’ इसी असहज लेकिन जरूरी सवाल को उठाती है—अगर शादी के बाद पति किसी महिला पर जबरदस्ती करता है, तो क्या विवाह उसे अपराध की श्रेणी से बाहर कर देता है? फिल्म यह स्पष्ट करती है कि शादी किसी भी तरह का लाइसेंस नहीं है और चुप्पी को सहमति नहीं माना जा सकता।
प्रेस विज्ञप्ति में इस प्रोजेक्ट पर बात करते हुए Divya Dutta ने कहा कि इस तरह के किरदार को निभाना भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि कहानी का विषय बेहद संवेदनशील है और इसे पर्दे पर सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ पेश करना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी।
क्या बोलीं दिव्या दत्ता?
Divya Dutta ने फिल्म में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ‘चिरइया’ का किरदार निभाते समय उन्हें कई असहज सच्चाइयों से रूबरू होना पड़ा। उनके मुताबिक, अक्सर रिश्तों को बचाने और शांति बनाए रखने के नाम पर लोग चुप्पी साध लेते हैं। इस कहानी ने उन्हें सोचने पर मजबूर किया कि कैसे शादी को बिना सवाल किए सहमति मान लिया जाता है और त्याग को इस तरह महिमामंडित किया जाता है कि पीड़ा नजर ही नहीं आती।
उन्होंने आगे कहा कि जब हम अपने किसी करीबी को अपमान या अन्याय झेलते देखते हैं, तब सबसे बड़ा सवाल यही होता है—क्या हम चुप रहकर हालात को वैसे ही रहने दें या सही के लिए खड़े होने का जोखिम उठाएं? उनका मानना है कि इसका आसान जवाब नहीं है और यही बात इस विषय को गहराई से झकझोरने वाला बनाती है।
दिव्या दत्ता ने उम्मीद जताई कि दर्शक इस कहानी को सिर्फ देखेंगे नहीं, बल्कि महसूस भी करेंगे और शायद उन सच्चाइयों को पहचान पाएंगे, जिन्हें समाज अक्सर अनदेखा कर देता है।
शशांत शाह के निर्देशन में बनी है फिल्म
‘चिरइया’ का निर्देशन Shashant Shah ने किया है और इसे SVF Entertainment ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में Sanjay Mishra, Siddharth Shaw, Prasanna Bisht, Faisal Rashid, Tinnu Anand और Sarita Joshi जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह फिल्म जियोहॉटस्टार पर प्रीमियर होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा अभी नहीं की गई है।