दिल्ली के भारत मंडपम में हुए एआई इंपैक्ट समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं की तलाश में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक एक प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि अन्य की खोज जारी है। रविवार को पुलिस ने करीब एक दर्जन स्थानों पर छापेमारी की। दिल्ली पुलिस की एंटी-टेररिस्ट यूनिट की स्पेशल सेल भी बाकी प्रदर्शनकारियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
दिल्ली सहित करीब एक दर्जन स्थानों पर पुलिस ने छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान एक प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया गया, जबकि अन्य की तलाश अभी जारी है।
दिल्ली पुलिस ने कृष्ण हरि की कार भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि वाहन से टी-शर्ट और पोस्टर मिले हैं। इसके अलावा यूथ कांग्रेस से जुड़े एक और प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया गया है और उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ता पांच दिन की पुलिस हिरासत में
दिल्ली की एक अदालत ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के आयोजन स्थल पर प्रदर्शन के आरोप में गिरफ्तार भारतीय युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को शनिवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। अदालत ने दिल्ली पुलिस को उनसे पूछताछ करने की अनुमति भी दी है। गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं में बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार के प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर क्या हैं आरोप?
दिल्ली पुलिस ने अदालत में दलील दी कि गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी नारे लगाए और प्रधानमंत्री Narendra Modi की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहन रखी थी। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई।
शनिवार दोपहर चारों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनसे पूछताछ के लिए पांच दिन की हिरासत की मांग की। दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पहले अपना आदेश सुरक्षित रखा और बाद में दोपहर करीब दो बजे पुलिस हिरासत की याचिका स्वीकार कर ली।