नई दिल्ली: फरवरी के दौरान देश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। अधिकांश राज्यों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 10 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि इस क्षेत्र में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
उधर, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी दर्ज की जा रही है। वहीं, कई क्षेत्रों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जिससे मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से 10 और 11 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी इलाकों में छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है। विभाग ने बताया है कि 10 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फ गिरने के आसार हैं। इस दौरान इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं।
कहां पड़ेगा कोहरा
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा उत्तरी तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में भी तड़के घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, असम और मेघालय में तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। वहीं, देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दर्ज किया गया।
देश में अब सर्दी होगी कमजोर
अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। साफ है कि ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगेगा। दिन के समय तेज धूप निकलने से मौसम में हल्की गर्माहट महसूस होगी और सर्दी से राहत मिलती नजर आएगी।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज मौसम सामान्य तौर पर साफ रहेगा, हालांकि आसमान में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। सुबह के वक्त हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। राजधानी में आज अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब बना रहेगा। इसके साथ ही 5 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।