T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले लगा एक और तगड़ा झटका, ये खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट से बाहर

t20 world cup 2026 another major setback player ruled out of entire tournament

Sneh Sharma
t20 world cup 2026 another major setback player ruled out of entire tournament

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक आगाज से ठीक एक दिन पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट खेमे से एक निराश करने वाली खबर सामने आई है। टीम के सबसे भरोसेमंद और अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से आधिकारिक तौर पर बाहर हो गए हैं। हालांकि पिछले कुछ समय से उनकी फिटनेस को लेकर कयासों का बाजार गर्म था, लेकिन अब बोर्ड द्वारा की गई औपचारिक घोषणा ने ऑस्ट्रेलियाई फैंस की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने केवल उनके बाहर होने की पुष्टि की है और उनके विकल्प (रिप्लेसमेंट) के नाम को अभी गुप्त रखा है।

राहत की बात यह है कि वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होने के बावजूद, ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती मुकाबले में अभी कुछ समय शेष है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के पास हड़बड़ी में फैसला लेने के बजाय पूरी सूझबूझ के साथ एक सटीक गेंदबाज चुनने का पर्याप्त अवसर है। हेजलवुड जैसे ‘लाइन और लेंथ’ के उस्ताद का बाहर होना निश्चित रूप से कंगारू टीम के गेंदबाजी आक्रमण के लिए एक बड़ा नुकसान है, जिसकी भरपाई करना टीम इंडिया और अन्य प्रतिस्पर्धियों के खिलाफ एक बड़ी चुनौती होगी।

हेजलवुड की स्थिति को लेकर मैनेजमेंट ने एक बड़ा जोखिम लिया था; उनकी चोट पुरानी थी, लेकिन उनकी मैच जिताने वाली काबिलियत को देखते हुए उन्हें इस उम्मीद में टीम में रखा गया था कि वे समय रहते फिट हो जाएंगे। हालांकि, किस्मत ने साथ नहीं दिया और वे अपनी इंजरी से पूरी तरह उबरने में नाकाम रहे। अब बिना कमिंस और हेजलवुड के, ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण अचानक से अनुभवहीन और कमजोर नजर आने लगा है, जो टूर्नामेंट शुरू होने से पहले कप्तान और कोच के लिए सिरदर्द बन गया है।

रिप्लेसमेंट को लेकर फिलहाल नहीं हुआ फैसला

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद थी कि वे सुपर-8 चरण से पहले फिट हो जाएंगे, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए उनके आगामी मैच खेलने की संभावना भी कम नजर आ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए आधिकारिक तौर पर यह जानकारी दी गई है। सीएस ने स्पष्ट किया कि अभी किसी भी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के नाम का तुरंत ऐलान नहीं किया गया है, क्योंकि टीम का मानना है कि शुरुआती मुकाबलों में वे जोश के बिना भी मैदान पर उतर सकती है। जरूरत पड़ने पर बाद में उपयुक्त खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाएगा।

सीन एबॉट को मिल सकता है टीम में शामिल होने का मौका

इसी बीच यह भी खबर सामने आ रही है कि जोश के संभावित रिप्लेसमेंट के तौर पर सीन एबॉट को ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया जा सकता है। सीन एबॉट फिलहाल टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ी के रूप में मौजूद हैं। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज में भी वे टीम के साथ थे, हालांकि तब उन्हें मुख्य स्क्वाड में जगह नहीं मिली थी। जरूरत पड़ने पर उन्हें प्लेइंग स्क्वाड में शामिल किया जा सकता है। वर्तमान स्क्वाड में भी कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जो पूरी तरह फिट नहीं बताए जा रहे हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि अगले चरण के मैचों तक वे फिट होकर खेलने के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। कुल मिलाकर टीम के लिए स्थिति थोड़ी चिंताजनक जरूर है, लेकिन वह इस चुनौती से कैसे निपटती है, इस पर सभी की नजरें होंगी।

Total Views: 0
Share This Article
Leave a Comment